Monday, August 24, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ में 31 IPS अधिकारियों का तबादला, पवन देव का विभाग बदला

छत्तीसगढ़ में 31 IPS अधिकारियों का तबादला, पवन देव का विभाग बदला

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल, दीपांशु काबरा को रेल और ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ में 31 IPS अधिकारियों का तबादला, पवन देव का विभाग बदला

CG Prime News@रायपुर. Chhattisgarh IPS Transfers छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 IPS अधिकारियों का तबादला और प्रभार परिवर्तन किया है। शासन की ओर से जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इनमें पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों से लेकर DIG और IG स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

पवन देव को नगरसेना और अग्निशमन सेवाओं की जिम्मेदारी

1992 बैच के IPS पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, रायपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पद से हटाकर नगरसेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं 1994 बैच के IPS एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

GP सिंह को प्रशिक्षण और पुलिस अकादमी का प्रभार

IPS गुरजिंदर पाल (GP) सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण के साथ राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन एवं चयन) बनाया गया है।


अजातशत्रु बहादुर सिंह को नई जिम्मेदारी

2011 बैच के IPS अजातशत्रु बहादुर सिंह को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में गुप्तवार्ता और विशेष शाखा के DIG पद से हटाकर नगर सेना, SDRF और अग्निशमन सेवाओं के DIG एवं निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।

काबरा को रेल और ट्रैफिक का अतिरिक्त प्रभार

1997 बैच के IPS दीपांशु काबरा को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात का प्रभार दिया गया है। विवेकानंद को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

एंटी नारकोटिक्स और तकनीकी सेवाओं में भी बदलाव

अमित कुमार को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाएं, डायल-112 और दूरसंचार का प्रभार सौंपा गया है।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा का जिम्मा

ओमप्रकाश पाल को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। अंकित कुमार गर्ग को राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। शासन के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारी आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

You may also like