CG Prime News@बलरामपुर-रामानुजगंज. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जमीन विवाद ने एक शिक्षक की जान ले ली। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह दो चचेरे भाइयों ने कथित तौर पर शिक्षक जयकरन जगते (50) पर चाकू और हथौड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी।

जमीन विवाद में टीचर की हत्या, दो चचेरे भाईयों ने स्कूल जाते वक्त गला रेता
स्कूल जाते समय घात लगाकर हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे उनके रिश्तेदार बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने शिक्षक पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में जयकरन जगते की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जमीन बंटवारे को लेकर था विवाद
बताया जा रहा है कि शिक्षक और उनके चचेरे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को गांव में इस मामले को लेकर बैठक भी हुई थी। आरोप है कि बंटवारे के बाद भी शिक्षक जमीन पर खेती करने और नाप-जोख कराने में बाधा डाल रहे थे, जिससे दोनों आरोपी परेशान थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
गुस्साए परिजनों ने लगाया आग
शिक्षक की हत्या से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
