CG Prime News@भिलाई. durg ssp inspect vr training at police welfare petrol pump bhilai दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने भिलाई सेक्टर-6 स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप का निरीक्षण कर मंगलवार को वहां संचालित आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की ओर से 30 मई 2026 से “एकेडमी ऑन व्हील्स” के माध्यम से पेट्रोल पंप कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान एसएसपी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कर्मचारियों की सहभागिता का अवलोकन किया।
‘एकेडमी ऑन व्हील्स’ बनी चलती-फिरती क्लास रूम
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने, ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार स्थापित करने और पेट्रोल पंप संचालन के सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जा रही है। “एकेडमी ऑन व्हील्स” को एक आधुनिक मोबाइल क्लासरूम के रूप में विकसित किया गया है, जहां तकनीक आधारित प्रशिक्षण सामग्री और व्यावहारिक अभ्यास के जरिए कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाई जा रही है।

VR तकनीक से कराया गया वास्तविक अनुभव
निरीक्षण के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने वर्चुअल रियलिटी (VR) चश्मा पहनकर प्रशिक्षण प्रक्रिया का अनुभव भी लिया। VR तकनीक के माध्यम से आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों का आभासी वातावरण तैयार किया जाता है, जिससे कर्मचारी बिना किसी वास्तविक जोखिम के आपदा प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास कर सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की तकनीक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और व्यवहारिक बनाती है।
कर्मचारियों की प्रतिबद्धता की सराहना
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि पेट्रोल पंप के सभी कर्मचारी अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के उत्साह और प्रशिक्षण के प्रति गंभीरता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें संस्थान की कार्यक्षमता और सुरक्षा मानकों को मजबूत बनाती हैं।
क्षेत्र का सबसे सुरक्षित पेट्रोल पंप बनाने का लक्ष्य
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण से कर्मचारी अधिक दक्ष, सतर्क और आत्मविश्वासी बनेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशिक्षित कर्मचारी बेहतर ढंग से प्रतिक्रिया देने में सक्षम होंगे। पुलिस विभाग का उद्देश्य इस पेट्रोल पंप को क्षेत्र का सबसे सुरक्षित और उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाला पेट्रोल पंप बनाना है।
इस अवसर पर ट्रेनर निशांत कौशिक एवं अक्षय कुमार, सुपरवाइजर संजय स्वामी, आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर अंकित साखरकर तथा पुलिस पेट्रोल पंप के प्रभारी आरआई नीलकंठ वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
