Sunday, May 31, 2026
Home » Blog » हिमाचल में कार हादसा, भिलाई के एक ही परिवार के चार समेत 8 पर्यटकों की मौत

हिमाचल में कार हादसा, भिलाई के एक ही परिवार के चार समेत 8 पर्यटकों की मौत

साच पास घूमने जा रहे थे पर्यटक, खराब मौसम और दुर्गम क्षेत्र के कारण रेस्क्यू में आई मुश्किलें

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. himachal chamba sach pass road accident bhilai family four dead eight tourists killed हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी एक ही परिवार के चार लोगों समेत कुल आठ पर्यटकों की मौत हो गई। हादसा बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर हुआ, जहां पर्यटकों से भरी एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बर्फबारी देखने जा रहे थे पर्यटक

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी पर्यटक बेंगलुरु से हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचे थे और साच पास क्षेत्र में बर्फबारी का आनंद लेने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतकों में भिलाई निवासी अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर, बेटे दर्श और अक्षद शामिल हैं। इसके अलावा पीजी कार्तिकघान, उनकी पत्नी मणिमाला, पुत्र नंदन तथा वाहन चालक विश्वास की भी हादसे में जान चली गई।

दुर्गम इलाके ने बढ़ाई रेस्क्यू की चुनौती

दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। खड़ी चट्टानों, गहरी खाई, पथरीले रास्तों और खराब मौसम के चलते शनिवार शाम तक शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। वहीं क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से प्रशासन और बचाव दल के बीच समन्वय स्थापित करने में भी परेशानी आई।

ह्यूमन चैन बनाकर निकाले गए शव

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई को देखते हुए लोगों ने ह्यूमन चैन बनाई और रस्सियों की सहायता से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी आठ शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया।

दुर्ग पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने हादसे की जानकारी दुर्ग पुलिस को भेजी, जिसके बाद शनिवार रात परिजनों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार के सदस्य हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। इस दुखद घटना से भिलाई और दुर्ग क्षेत्र में शोक का माहौल है।

You may also like