Sunday, May 31, 2026
Home » Blog » CM साय ने दुर्ग जिले को दी 739 करोड़ रुपये से अधिक के विकास की सौगात

CM साय ने दुर्ग जिले को दी 739 करोड़ रुपये से अधिक के विकास की सौगात

सुशासन तिहार के समाधान शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और बिजली अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को मिली गति

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार 2026 के तहत रविवार को दुर्ग जिले में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर के दौरान 739 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत वाले 251 विकास कार्यों की सौगात दी। झाडूराम देवांगन स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 362 करोड़ 46 लाख रुपये के 98 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 376 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत वाले 153 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय विकास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना और विद्युत पारेषण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं।

दुर्ग शहर क्षेत्र में केंद्रीय जेल परिसर में आवास निर्माण, नए बैरक निर्माण, सड़क उन्नयन और इंडोर स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं पाटन क्षेत्र में शासकीय चंदूलाल चंद्राकर पीजी कॉलेज परिसर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, इंडोर स्टेडियम और स्टाफ क्वार्टर का उद्घाटन किया गया।

बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी

दुर्ग ग्रामीण, साजा और अन्य क्षेत्रों में शिवनाथ नदी पर कई उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया गया, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। अंडा, सेमरिया और अन्य क्षेत्रों में नए विद्युत उपकेंद्रों तथा पारेषण लाइनों की शुरुआत से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी

वैशाली नगर क्षेत्र में नए ओवरहेड सर्विस रिजर्वायर और जल आपूर्ति परियोजनाओं के शुरू होने से पेयजल व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।

77 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित कई बड़े प्रोजेक्ट की आधारशिला

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में 129.50 करोड़ रुपये की लागत से 77 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, सड़क चौड़ीकरण, नालंदा परिसर निर्माण और फोरलेन सड़क परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा छात्रावास निर्माण, पुल निर्माण, सड़क विकास, सीवरेज नेटवर्क और नगरीय सौंदर्यीकरण के कई कार्यों की आधारशिला रखी गई।

जिले के समग्र विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से दुर्ग जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि विकास कार्यों के माध्यम से दुर्ग जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

You may also like