CG Prime News@दुर्ग. Embezzlement of 38 Lakhs at Goyal Traders durg chhattisgarh दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा स्थित गोयल ट्रेडर्स में 38 लाख रुपए का गबन करने वाले एरिया सेल्स ऑफिसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला जेवरा-सिरसा चौकी की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 26 महीने तक व्यापारियों से प्राप्त रकम कंपनी खाते में जमा न कर निजी मकान निर्माण और अन्य कार्यों में खर्च कर दिया था। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है।
यह है पूरा मामला
जेवरा सिरसा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि गोयल ट्रेडर्स, जेवरा सिरसा में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत राजेश जायसवाल द्वारा कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर और अन्य पैकेजिंग सामग्री के विक्रय से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा नहीं किया गया। आरोपी द्वारा व्यापारियों से प्राप्त राशि का उपयोग निजी मकान निर्माण और अन्य निजी कार्यों में किया गया।
38 लाख रुपए निजी कार्य में किया खर्च
जांच के दौरान पता चला कि वर्ष 2020 से वर्ष 2022 तक लगभग 26 माह की अवधि में आरोपी द्वारा कुल 38 लाख रुपए का गबन किया गया। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा गबन की राशि को मकान निर्माण और अन्य कार्यों में खर्च करना स्वीकार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 409, 420 भादवि के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, चौकी जेवरा सिरसा, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख और आरक्षक यशवंत पिस्ता की सराहनीय भूमिका रही।
