भिलाई में मीटिंग के बहाने बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में एक महिला कर्मचारी को मीटिंग के बहाने लॉज में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कुख्यात आरोपी वी. लक्की जार्ज और उसकी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि बुधवार को पीड़ित महिला अपने पति और पिता के साथ थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह सेक्टर-4 निवासी वी लक्की जार्ज की हथखोज स्थित टायर दुकान में काम करती है। 5 मार्च को लक्की जार्ज ने उसे फोन कर मीटिंग के बहाने पावर हाउस स्थित अपना केशरी लॉज में बुलाया। वह शाम करीब 4 बजे लॉज पहुंची, जहां आरोपी उसे कमरे में ले गया और बातचीत के बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाया और वहां से निकलकर घर पहुंची। बाद में उसने पूरी घटना अपने पति और पिता को बताई और उनके साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
यह भी पढ़ेः मां से दुष्कर्म करने वाले पुत्र को 25 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा
शरीर पर नाखून के निशान, जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार पीड़िता के शरीर पर कई जगह नाखून से खरोंचने के निशान मिले हैं। आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसके पति और पिता की हत्या कर देगा। डर के कारण महिला ने पहले किसी को नहीं बताया, लेकिन अगले दिन हिम्मत कर परिवार को पूरी घटना बताई।
आरोपी की पत्नी पर भी धमकी देने का आरोप
मामले में आरोपी की पत्नी की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी ने महिला को फोन कर बुलाया और उसका मोबाइल छीनकर आरोपी द्वारा बनाए गए वीडियो डिलीट कर दिए। इसके बाद महिला को धमकाया गया कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। हालांकि पीड़िता ने पहले ही घटना से जुड़े कुछ स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिए थे, जिन्हें उसने पुलिस को सौंप दिया है।
फायरिंग और हमले के मामलों में भी रहा है शामिल
पुलिस के अनुसार वी. लक्की जार्ज सुपेला थाना क्षेत्र का गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ सुपेला व भिलाई नगर थाना में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। लक्की जार्ज अपने साले अमित जोश के साथ सेक्टर-10 ग्लोब चौक के पास तीन युवकों पर फायरिंग के मामले में भी आरोपी रहा है। बाद में पुलिस मुठभेड़ में अमित जोश की मौत हो गई थी। इसके अलावा सेक्टर-7 और सेक्टर-5 मार्केट में तलवार से हमला करने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है। उसके घर से पुलिस ने पिस्टल भी जब्त किया था।
