Home » Blog » पिस्टल के साथ हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री गिरफ्तार

पिस्टल के साथ हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री गिरफ्तार

उरला पुलिस की कार्रवाई: अवैध हथियार व जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी पर दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज

by cgprimenews.com
0 comments
उरला पुलिस द्वारा अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री।

रायपुर। उरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री (25 वर्ष), निवासी दुर्गानगर बीरगांव के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 1 मार्च 2026 को उरला पुलिस को सूचना मिली कि बीरगांव दुर्गानगर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री के रूप में हुई।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया आरोपी

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना उरला में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार आरोपी थाना माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला क्षेत्रों में करीब दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर अंकुश लगाना और शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

You may also like