Home » Blog » दुर्ग 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी स्पर्धा शुरू, 450 प्रतिभागी शामिल

दुर्ग 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी स्पर्धा शुरू, 450 प्रतिभागी शामिल

गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया उद्घाटन, अंतरराष्ट्रीय एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी बने आकर्षण

by cgprimenews.com
0 comments
अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन समारोह, भिलाई दुर्ग

उद्घाटन समारोह में दिखा खेल और संस्कृति का संगम

भिलाई. प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। (Durg: 14th All India Police Archery Competition begins, 450 participants participate)

30 टीमों के 450 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 30 टीमों के लगभग 450 खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इनमें 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स एवं साउथ एशियन गेम्स जैसे बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी जनता तालुकार (असम) और डीएसपी रजत चौहान (राजस्थान) की सहभागिता ने प्रतियोगिता का कद और बढ़ा दिया है।

अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का उद्घाटन समारोह, भिलाई दुर्ग

प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ करते गृह मंत्री विजय शर्मा।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा, आईजी ओपीपाल, आईजी अजय यादव, आईजी अभिषेक शांडिल्य, आईजी बीएस ध्रुव, डीआईजी कमलोचन कश्यप, डीआईजी एमआर आहिरे, डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव सदानंद कुमार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त राठौर, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के डी आई जी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी राजेश कुकरेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गृह मंत्री और डीजीपी का प्रेरक संबोधन

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। वहीं डीजीपी अरुण देव गौतम ने खेलों को शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन और अनुशासन का मजबूत आधार बताया और सभी खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

27 फरवरी तक चलेंगी स्पर्धाएं

प्रतियोगिता 24 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न वर्गों में तीरंदाजी मुकाबले होंगे। आयोजन सचिव सदानंद कुमार एवं प्रथम वाहिनी के डीआईजी कमांडेंट राजेश कुकरेजा के नेतृत्व में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की गई हैं। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित समसाद बेगम, भारती बंधू, आलोक निरंजन एवं सबा अंजुम भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

You may also like