अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
रायपुर | एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर तथा थाना खरोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से कुल 1008 पौवा अवैध शराब जप्त की है, जिसकी कुल मात्रा 181 लीटर 440 मिलीलीटर आंकी गई है। जप्त शराब व बिक्री रकम सहित कुल जब्ती 1 लाख 30 हजार 460 रुपये की है।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम सारागांव में की गई रेड
पुलिस को दिनांक 26 जनवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सारागांव निवासी हालेश्वर साहू एवं चन्द्रशेखर साहू अपने चाचा के ब्यारा में भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर ग्राहकों की तलाश में बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु थाना खरोरा पुलिस एवं साइबर क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई, जहां दोनों आरोपियों को मौके पर अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।
विभिन्न ब्रांड की देशी व अंग्रेजी शराब जप्त
तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों एवं कपड़े के थैलों में रखी देशी मदिरा मसाला शोले, देशी मदिरा मसाला शेरा तथा गोवा स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की गई। आरोपियों द्वारा शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर समस्त शराब को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।
स्कूटी से होती थी शराब की सप्लाई
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि ग्राम खरोरा निवासी अजय धीवर द्वारा स्कूटी क्रमांक CG 04 HQ 2794 के माध्यम से अवैध शराब बिक्री हेतु पहुंचाई जाती थी। पुलिस ने आरोपी अजय धीवर को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद अवैध शराब संग्रहण में प्रयुक्त स्कूटी को भी जप्त कर लिया गया।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, न्यायिक रिमांड
मामले में थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को देकर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।
