Thursday, August 13, 2026
Home » Blog » बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार विधायक देवेंद्र के समर्थकों पर जेल प्रहरी ने तानी बंदूक, 21 को प्रदेशभर में कांग्रेस का हल्ला बोल

बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार विधायक देवेंद्र के समर्थकों पर जेल प्रहरी ने तानी बंदूक, 21 को प्रदेशभर में कांग्रेस का हल्ला बोल

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

@Dakshi sahu Rao

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को 3 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को कांग्रेस विधायक को भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में 21 अगस्त को कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी।

प्रहरी ने तानी बंदूक
बलौदाबाजार ङ्क्षहसा मामले में गिरफ्तार कांग्रेस विधायक देवेंद्र को शनिवार देर रात रायपुर सेंट्रल जेल लेकर पुलिस पहुंची। विधायक यादव संविधान की कॉपी भी हाथ में पकड़े हुए थे और उसे दिखाते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। पुलिस और समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता कैंपस में घुस गए। हालात बिगड़ते देख जेल प्रहरी ने कार्यकर्ताओं पर बंदूक तान दी थी।


भूपेश बघेल ने कहा नजरें मिलाने में हो दिक्कत
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा, पुलिस से कहना चाहता हूं कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन ऐसा कोई काम ना करो, जिससे आपको नजरें मिलाने में दिक्कत हो। वहीं सीएम विष्णु देव साय ने कहा है कि, यह कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है। पुलिस ने सोच-समझ के कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव छोटा-मोटा आदमी नहीं है।

21 को हल्ला बोल, 20 को विधायक दल की बैठक
देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस 21 अगस्त को प्रदेश में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इससे पहले 20 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 10:30 बजे विधानसभा में होगी। इसमें सभी कांग्रेस विधायकों को अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए कहा गया है।

बलौदाबाजार में कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
गिरफ्तारी के बाद देवेंद्र यादव को बलौदाबाजार के पुलिस लाइन स्थित आजाक थाने लाया गया। रात 10 बजे विधायक देवेंद्र यादव को लेकर पुलिस सीजेएम कोर्ट में पेश करने पहुंची। कोर्ट और पुलिस कंट्रोल रूम के सामने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। रात में करीब 2-3 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने कोर्ट से न्यायिक रिमांड की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस न्यायिक रिमांड पर रायपुर जेल शिफ्ट के लिए लेकर रवाना हुई। 3 दिन बाद फिर से कोर्ट में उन्हें पेश किया जाएगा।

You may also like