बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी और पत्थरबाजी में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रतनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि सुमित कुमार रजवाड़े ने शिकायत दर्ज कराई कि 30 मार्च को वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोरबाभांवर जा रहे थे। इसी दौरान जूनाशहर बाईपास के पास चार युवकों ने उनका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ेः Big News: चंडीगढ़ में BJP मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट, मचा हड़कंप
चाकू से हमला: एक युवक गंभीर घायल
एक अन्य घटना में राहुल सिदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 मार्च की रात वह शादी से लौट रहे थे। जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर मार्ग पर चार बदमाशों ने रास्ता रोककर पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रशिक्षु IPS अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मनीष मरावी (21 वर्ष) और विक्रम मरावी (20 वर्ष) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया।
पत्थरबाजी मामले में भी कार्रवाई
इसी क्षेत्र में वाहनों पर पत्थर फेंकने की शिकायत पर पुलिस ने अलग से कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ धुर्व्रे (20 वर्ष) और उमेन्द्र सिंह (25 वर्ष) के खिलाफ धारा 170 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
