CG Prime News@भिलाई. Theft of over 50 Lakhs in Bhilai After Breaking House Lock सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम की पॉश कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना सोमवार दोपहर 12:30 बजे से देर रात 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरी की यह बड़ी वारदात क्षेत्र में सनसनी का कारण बन गई है।
शादी समारोह में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार सहित अम्रपाली सोसायटी में भतीजी के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। वे नेहरू नगर पश्चिम स्थित किराए के मकान में रहते हैं। देर रात करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला।

डेढ़ लाख नकद और 50 लाख तक के जेवरात गायब
पुलिस के अनुसार घर की अलमारी में लगभग डेढ़ लाख रुपए नकद तथा 45 से 50 लाख रुपए तक के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। वहीं परिजनों का दावा है कि चोरी की रकम और जेवरात इससे भी अधिक हो सकते हैं। चोर सामने के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सीसीटीवी नहीं होने से जांच में चुनौती
बताया जा रहा है कि मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। आसपास के कई घरों में भी निगरानी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, जिससे पुलिस जांच में कठिनाई आ रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, टीम गठित
घटना की सूचना मिलते ही विजय अग्रवाल, सुखनंदन राठौर, सत्य प्रकाश तिवारी, यदुमणि सिदार सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
