कबीरधाम। नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
रिपोर्ट पर तुरंत दर्ज हुआ मामला
प्रार्थी द्वारा 1 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर चौकी रणबीरपुर, थाना लोहारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पीड़िता को बरामद किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दुर्गेश खूंटे उर्फ बल्ला, निवासी महाराजपुर ने नाबालिग को अपने साथ ले जाकर अवैध विवाह और शारीरिक शोषण किया।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 64(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
