Friday, February 13, 2026
Home » Blog » भिलाई दुर्ग में खुली रही दुकानें, रायपुर में भी नहीं दिखा भारत बंद

भिलाई दुर्ग में खुली रही दुकानें, रायपुर में भी नहीं दिखा भारत बंद

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

रायपुर/दुर्ग: सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण में क्रीमी लेयर के फैसले के खिलाफ दलित-आदिवासी संगठनों ने बुधवार को भारत बंद बुलाया। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में इसका मिला-जुला असर देखने को मिला। दुर्ग में सभी प्रमुख बाजार पूरे दिन खुले रहे। कही भी कोई प्रदर्शन नहीं हुआ। सुपेला मार्केट में एक दो जगह लोगों ने कुछ देर के लिए सांकेतिक दुकानें बंद की मगर, पूर्ण बंद का कोई असर नहीं दिखा।

इधर, कोंडागांव में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने देने गई भीड़ हिंसक हो गई। भीड़ ने बैरिकेड तोड़ दिया और कलेक्ट्रेट परिसर में घुस गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ। हालांकि मौके पर मौजूद प्रशासन ने भीड़ को काबू किया। हालांकि राजधानी रायपुर में बंद का असर देखने को नहीं मिला। रायपुर में कुछ दुकानें ही बंद रहीं। ज्यादातर मार्केट सुबह से ही खुले रहे।

रायपुर में सर्व आदिवासी समाज की मांग पर समर्थन नहीं मिलने से समाज के लोग गुस्से में दिखाई दिए। दुर्ग जिले में भी कुछ दुकानें बंद रहीं, लेकिन फिर शाम को खोल दी गईं। बस और अन्य परिवहन सेवाएं चलती रही। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रैली निकाली गई। इस दौरान बंद का समर्थन करने वाले संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।

You may also like