Thursday, March 19, 2026
Home » Blog » 1 जून से 20 जून तक खारून नदी ब्रिज पर चलेगा मेंटनेंस, दुर्ग से रायपुर जाने वाले ट्रैफिक से बचने इन रूट का करें प्रयोग

1 जून से 20 जून तक खारून नदी ब्रिज पर चलेगा मेंटनेंस, दुर्ग से रायपुर जाने वाले ट्रैफिक से बचने इन रूट का करें प्रयोग

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग से रायपुर जाने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। दुर्ग पुलिस ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि खारून नदी ब्रिज (दुर्ग से रायपुर की ओर आने वाली) का मरम्मत कार्य 19 मई से लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग) द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। ब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान ट्रैफिक का रूट डायवर्ट किया गया है। वहीं ब्रिज को तय समय पर बंद रखा जाएगा।

ब्रिज रहेगा बंद

ब्रिज मरम्मत कार्य जिसमें दिनांक 19 मई से 30 मई तक ब्रिज के नीचे के बेरिंग को चेंज करने का कार्य किया जायेगा। जिसके लिए प्रति रात्रि 2 घण्टे (रात्रि 02 बजे से 04 बजे तक) दुर्ग से रायपुर आने वाला ब्रिज पूर्णत: बंद रहा करेगा।

ट्रैफिक रहेगा बाधित

वहीं 1 जून से 20 जून तक 24 घण्टे ब्रिज के ऊपर एक्सपान्सन ज्वाइंट चेंज (डामर उखाड़ कर) बी.सी. वर्क और रेलिंग बदलने का कार्य किया जायेगा। इस कार्य के लिए दिनांक 1 जून से 20 जून तक दुर्ग से रायपुर आने वाला ट्रेफिक बाधित रहेगा। यातायात के वैकल्पिक संचालन के लिए बमरम्मत कार्य वाले ब्रिज को डिवाइडर लगाकर दो भागों/लेन में बांटा जाएगा। एक लेन में मरम्मत कार्य चलेगा और डिवाइडर के दूसरी ओर सिंगल लेन में ट्रैफिक चलता रहेगा।

रायपुर जाने के लिए इन रास्तों का करें प्रयोग

राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले से ही यातायात का अत्यधिक दबाव है, जो कि मरम्मत कार्य के दौरान मार्ग की चौड़ाई सिंगल लेन होने के कारण ब्रिज से लेकर कुम्हारी तक जाम की स्थिति निर्मित हो सकती है। इस ब्रिज मरम्मत के दौरान दुर्ग से रायपुर जाने वाले यात्री/आगंतुक वैकल्पिक मार्ग के तौर पर निम्नानुसार मार्ग का उपयोग कर सकते है-

1. भिलाई सेक्टर एरिया से उतई-सेलूद-दौर-घुघुवा-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर रायपुर

2. पुरानी भिलाई चौक (सिरसा गेट)-ग्राम सिरसा-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर-रायपुर

3. रायल खालसा-ग्राम उरला-परसदा-अमलेश्वर-रायपुर

You may also like