भिलाई। Groundbreaking ceremony for development works on Parshuram Jayanti in Khursipar; Canal Road to be renamed Parshuram Marg. खुर्सीपार स्थित परशुराम चौक में सोमवार को भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाई गई। आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ क्षेत्र के जनहितकारी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
यह भी पढ़ेः लवन मार्ग पर दो ट्रकों की भिड़ंत, हेल्पर ट्रक में फंसा
धार्मिक अनुष्ठान से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसके बाद श्रीश्री 1008 रामबालक दास जी महाराज के सान्निध्य में भगवान परशुराम का विधिवत पूजन कराया गया। आयोजन की अध्यक्षता प्रेम प्रकाश पांडे (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़) ने की। पूजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कई विकास कार्यों का भूमिपूजन
पूजन उपरांत क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें प्रमुख रूप से विशालकाय डोम (शेड) का निर्माण शामिल है, जो सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा जीई रोड से परशुराम चौक तक भव्य परशुराम द्वार, पावर हाउस चौक के पास सर्वसुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय और पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
समाज सशक्तिकरण पर जोर
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रेम प्रकाश पांडे ने समाज को शिक्षा, संगठन और जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनने का संदेश दिया। वहीं मुख्य वक्ता रामबालक दास जी महाराज ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए धर्म और संस्कृति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कैनाल रोड बनेगा परशुराम मार्ग
आयोजक एवं परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष पीयूष मिश्रा ने बताया कि कैनाल रोड का नाम बदलकर “परशुराम मार्ग” करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने इसके लिए निगम प्रशासन और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
कार्यक्रम के अंत में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। आयोजन में समाज के प्रमुख लोग जैसे प्रभुनाथ मिश्रा, राममिलन दुबे, केएल तिवारी, शशिकांत तिवारी और सुमित शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
