बिलासपुर/कोटा। Tourists robbed and assaulted at Kori Dam; accused fled with mobile phones and bags. कोटा थाना क्षेत्र के पर्यटन स्थल कोरी डैम में पर्यटकों से लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उसका बैग व मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। जांच के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और ACCU की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
कोरी डैम घूमने गए थे पर्यटक
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को प्रार्थिया अपने साथियों के साथ बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद सभी लोग घूमने के लिए कोरी डैम पहुंचे। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने प्रार्थिया के दोस्त के साथ मारपीट की और बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रार्थिया ने थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई। मामले में 1 अक्टूबर को अपराध क्रमांक 841/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल बेचने की सूचना पर पुलिस ने घेरा
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी बीच सूचना मिली कि तीन लोग स्कूटी से नाका चौक कोटा में मोबाइल बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों को थाना लाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 23 सितंबर की घटना में बैग और मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की।

मोबाइल और एक्टिवा जब्त
पुलिस ने मामले में गुरजीत सिंह उर्फ बंटी, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा और रामजी यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम घासीपुर, थाना रतनपुर को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक Poco मोबाइल बरामद किया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल Honda Activa क्रमांक CG 10 CC 7858 भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा SDOP कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।

