Wednesday, August 26, 2026
Home » Blog » भीषण सड़क हादसा, इलेक्ट्रिक बस ने ट्रक को मारी टक्कर, 6 की मौत

भीषण सड़क हादसा, इलेक्ट्रिक बस ने ट्रक को मारी टक्कर, 6 की मौत

सूर्यापेट के कोडाड मंडल में सुबह 5:15 बजे हुआ हादसा, मृतकों में 5 महिलाएं

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@हैदराबाद. तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल के पास हुआ। यहां हैदराबाद से आंध्रप्रदेश के एलुरु जा रही एक इलेक्ट्रिक बस ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वालों में 5 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं।

बस में सवार थे 43 यात्री

जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक बस में कुल 43 यात्री सवार थे। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।


लोहे के पिलर बने हादसे की वजह

पुलिस के अनुसार, ट्रक में लोहे के भारी पिलर लदे हुए थे। बस की ट्रक से टक्कर होते ही पिलरों को बांधकर रखने वाली चेन टूट गई। इसके बाद भारी पिलर बस की दाईं तरफ घुस गए। पुलिस का कहना है कि बस के आगे बैठे यात्रियों को इसकी वजह से गंभीर चोटें आईं और 6 लोगों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार की आशंका, ट्रक के डिवाइडर से टकराने की भी जांच

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बस से टकराने से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया था या नहीं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दो घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल 12 लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

 

You may also like