Friday, October 9, 2026
Home » Blog » प्यार का खौफनाक अंत, एक ही फंदे पर लटके मिले गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड

प्यार का खौफनाक अंत, एक ही फंदे पर लटके मिले गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड

खुखड़ी लेने गए ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके से बाइक और युवक का आधार कार्ड बरामद

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
प्यार का खौफनाक अंत, एक ही फंदे पर लटके मिले गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड

CG Prime News@सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले की सीमा से लगे जंगल में मंगलवार सुबह युवक-युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में खुखड़ी (मशरूम) लेने पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों के शव देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना सूरजपुर जिले की लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र की है।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान खड़गवां चौकी क्षेत्र निवासी मूलचंद (21) के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान रिंकी सिंह के तौर पर की गई है, जो मूल रूप से रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तेलसरा की रहने वाली थी। घटनास्थल से युवक का आधार कार्ड भी मिला है। दोनों के बीच आपसी प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मौके से बाइक और दस्तावेज मिले

सूचना मिलने के बाद लटोरी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। घटनास्थल के पास एक HF डिलक्स बाइक भी खड़ी मिली। बाइक का नंबर CG 15 DG 3422 बताया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों इसी बाइक से जंगल पहुंचे थे या नहीं।


पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी। फिलहाल घटनास्थल से किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।

मौत की वजह की जांच जारी

पुलिस इस मामले में दोनों के पारिवारिक और आपसी संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौत के पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

You may also like