Sunday, August 23, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहन नदी में बहे, तीनों मासूमों की मौत

छत्तीसगढ़ में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहन नदी में बहे, तीनों मासूमों की मौत

बलरामपुर में कन्हर नदी में युवक लापता; गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बिजली गिरने से पति-पत्नी ने दम तोड़ा

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहन नदी में बहे, तीनों मासूमों की मौत

CG Prime News@रायपुर. Three siblings returning home from school drowned in river in Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। बिलासपुर जिले में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में रिद्धी (8), सिद्धी (8) और उनके भाई अनमोल जायसवाल (7) की मौत हो गई। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

बच्चे पुल के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से जाने लगे

ग्राम समडील निवासी आशुतोष जायसवाल और विजय जायसवाल की बेटियां रिद्धी और सिद्धी गांव से करीब दो किलोमीटर दूर नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में पढ़ती थीं। शनिवार शाम करीब 4 बजे छुट्टी के बाद दोनों को लेने के लिए उनका बड़ा भाई अनमोल साइकिल से स्कूल पहुंचा था। घर लौटते समय बच्चे पुल के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से जाने लगे। नदी के बीच पहुंचने पर तेज बहाव में अनमोल साइकिल नहीं संभाल पाया और तीनों पानी में बह गए। हादसे के बाद बच्चों की तलाश शुरू की गई और तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

कन्हर नदी में युवक बहा, तलाश जारी

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में रविवार सुबह करीब 9 बजे कन्हर नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। बताया गया कि एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था। युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था। घटना के बाद उसकी तलाश की जा रही है।


बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कटरा ढपनीपानी गांव में तेज बारिश के दौरान मकान पर बिजली गिरने से बैगा दंपती मंगल सिंह और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई की मौत हो गई। दोनों बारिश के दौरान घर के आंगन में थे। परिजन उन्हें 108 एंबुलेंस से मरवाही सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

छत्तीसगढ़ में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहन नदी में बहे, तीनों मासूमों की मौत

छत्तीसगढ़ में स्कूल से घर लौट रहे तीन भाई-बहन नदी में बहे, तीनों मासूमों की मौत

नदी-नाले उफान पर, कई सड़कें जलमग्न

लगातार बारिश से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कई नदी-नाले उफान पर हैं। बस्ती-बगरा मार्ग के कलेवा नाला पुल पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। कोटमी खुर्द-उमरखोही कच्चा मार्ग भी जलमग्न हो गया।

अगले 7 दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के प्रभाव से कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। रायपुर में भी तेज बारिश से सुंदरनगर और महादेवघाट रोड सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।

You may also like