Thursday, August 13, 2026
Home » Blog » स्वरूपानंद महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए कनेक्ट टू कलेक्ट

स्वरूपानंद महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए कनेक्ट टू कलेक्ट

परिचयात्मक और आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने साझा किए अपने लक्ष्य, हॉबी और कॉलेज के अनुभव

by cgprimenews.com
0 comments
स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय भिलाई में कनेक्ट टू कलेक्ट कार्यक्रम में शामिल नवप्रवेशित विद्यार्थी

भिलाई। स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय, हुडको के प्रबंधन एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और आपसी परिचय के उद्देश्य से ‘कनेक्ट टू कलेक्ट’ एवं ‘लेट्स नो ईच अदर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण से सहज कराना और उन्हें शिक्षकों और वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद का अवसर उपलब्ध कराना रहा।

यह भी पढ़ेः मुख्यमंत्री साय ने हरेली तिहार पर कृषि औजारों और गौवंश की पूजा की

आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों से बढ़ा आत्मविश्वास

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न आइस-ब्रेकिंग और परिचयात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी हॉबी, भविष्य के लक्ष्य और महाविद्यालय में प्रवेश के बाद के अनुभव साझा किए। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक-दूसरे को जानने और नए समूह में सहजता से संवाद करने का अवसर मिला। प्रबंधन विभागाध्यक्ष खुशबू पाठक और वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. शर्मिला समल ने कहा कि इस तरह की परिचयात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक संवाद विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शुरुआती दौर में नए विद्यार्थियों की झिझक दूर करने के साथ ऐसी गतिविधियां उन्हें महाविद्यालय के वातावरण से जुड़ने में मदद करती हैं।


सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

श्री शंकराचार्य शैक्षणिक परिसर के निदेशक डॉ. दीपक शर्मा और डॉ. मोनिषा शर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए दोनों विभागों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता से विद्यार्थी महाविद्यालयीन वातावरण में अधिक सहज होते हैं। आपसी परिचय और सहयोग की भावना विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करती है। प्राचार्य डॉ. हंसा शुक्ला ने अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज में प्रवेश के समय मन में पढ़ाई और नए माहौल को लेकर कई सवाल होते हैं। इस कार्यक्रम से उन्हें न केवल अपने सहपाठियों को जानने का अवसर मिला, बल्कि यह भी समझ आया कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और सर्वांगीण विकास का मंच भी है। ‘कनेक्ट टू कलेक्ट’ और ‘लेट्स नो ईच अदर’ गतिविधियों में बीबीए प्रथम सेमेस्टर की सिद्धि शर्मा और बी.कॉम प्रथम सेमेस्टर के हुमेन्द्र कुमार देशमुख विजेता रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन सहायक प्राध्यापक वाणिज्य विभाग अमरजीत, सहायक प्राध्यापक प्रबंधन विभाग इंद्राणी दास और सहायक प्राध्यापक वाणिज्य विभाग लक्ष्मी द्विवेदी ने किया। उन्होंने विभिन्न आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों और परिचय सत्र का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

You may also like