Wednesday, July 8, 2026
Home » Blog » Durg: साइबर ठगी में म्यूल बैंक खाते बेचने वाले नेटवर्क के 10 आरोपी गिरफ्तार

Durg: साइबर ठगी में म्यूल बैंक खाते बेचने वाले नेटवर्क के 10 आरोपी गिरफ्तार

दो मामले में कुल 10 आरोपी गिरफ्तार, अब तक 123 खाताधारकों पर वैधानिक कार्रवाई

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
Durg: साइबर ठगी में म्यूल बैंक खाते बेचने वाले नेटवर्क के 10 आरोपी गिरफ्तार

CG Prime News@दुर्ग.selling ‘mule’ bank accounts for cyber fraud in chhattisgarh  दुर्ग जिले में साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग सिटी कोतवाली और छावनी थाना पुलिस ने अलग-अलग मामले में दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने, छिपाने, स्थानांतरित करने और अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।

समन्वय पोर्टल से मिली थी जानकारी

थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर 8 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अलग-अलग कंपनी के मोबाइल, इंडियन ओवरसीज बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। वहीं छावनी पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार 15 आरोपियों के अतिरिक्त संगठित गिरोह के 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिससे इस मामले में कुल 17 गिरफ्तारी हो गई है।

भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों का परीक्षण किया गया। जांच में यह पाया गया कि विभिन्न बैंक खातों में साइबर ठगी से प्राप्त राशि प्राप्त होकर अन्य खातों में स्थानांतरित की गई। जिससे अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया गया।

बैंक खातों को उपलब्ध कराया

जांच में सामने आया कि संबंधित खाताधारकों द्वारा स्वयं या अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने, छिपाने एवं स्थानांतरित करने के उद्देश्य से किया गया। उक्त कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3), 318(4) बीएनएस के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर दोनों थानों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई।

106 खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई

थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा इंडियन ओवरसीज बैंक के संदिग्ध खातों की जांच के दौरान 106 खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ की गई। जिसमें विवेचना के दौरान 8 खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, इंडियन ओवरसीज बैंक की पासबुक, एटीएम कार्ड एवं आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।

नेटवर्क का किया खुलासा

इसी प्रकार थाना छावनी में पंजीबद्ध प्रकरण में पूर्व में 15 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान दो अन्य आरोपी प्रेमलाल कौशिक एवं ललित कुमार को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में अब तक कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

1. मोदित कुमार जैन, उम्र 26 वर्ष, निवासी नूतन चौक, भिलाई-3।
2. करण टण्डन, उम्र 21 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, सुपेला, भिलाई।
3. अवध किशोर, उम्र 55 वर्ष, निवासी सेक्टर एच, खुर्सीपार, भिलाई।
4. संकेत कुमार दास, उम्र 27 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
5. रविन्द्र कौशिक, उम्र 20 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर, खुर्सीपार।
6. शहबाज आलम, उम्र 26 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, जामुल।
7. ए. सागर, उम्र 36 वर्ष, निवासी वृंदा नगर, सुपेला।
8. प्रिती कौर, उम्र 37 वर्ष, निवासी गांधी कॉलोनी, सुपेला।
9. प्रेमलाल कौशिक, उम्र 23 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
10. ललित कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।

जब्त सामग्री

1. विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन।
2. इंडियन ओवरसीज बैंक की पासबुक।
3. इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम कार्ड।
4. आरोपियों के आधार कार्ड।

You may also like