CG Prime News@दुर्ग. Inter state theft gang arrest in durg दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तरप्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है और 3 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दुर्ग-भिलाई, नवा रायपुर और बिलासपुर में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में दिन के समय लगातार हो रही चोरियों को दुर्ग पुलिस ने गंभीर चुनौती के रूप में लिया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के साथ घटनास्थलों और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद थाना सुपेला और ACCU की संयुक्त टीम को मेरठ और दिल्ली रवाना किया गया।
मेरठ में पुलिस ने आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
फेरीवाले बनकर करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रायपुर के मोदहापारा इलाके में किराये का मकान लेकर रह रहे थे। वहां से वे दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नया रायपुर जैसे शहरों में फेरीवाले बनकर कपड़े और गलीचे बेचने के बहाने घूमते थे।
इस दौरान वे सूने मकानों की पहचान करते थे। एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के अंदर घुसकर चोरी करता था। चोरी के बाद सोने के जेवर मेरठ के एक ज्वेलर्स संचालक को बेच दिए जाते थे।
ज्वेलर्स संचालक भी गिरफ्तार
पुलिस ने मेरठ के सलीम ज्वेलर्स संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी का लगभग 400 ग्राम सोना और 3.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। कुल बरामद संपत्ति की कीमत 63.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने तिफरा बिलासपुर, नवा रायपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
हासीम खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उ.प्र.)
सलीम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी शिवालकास, मेरठ (उ.प्र.)
