CG Prime News@भिलाई. Mobile SIM Gang Arrested in Bhilai; Illegal Transactions Exposed दुर्ग जिले के भिलाई के रिसाली इलाके में सिम कार्ड के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर नेवई पुलिस ने केस दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों ने पीडि़त के नाम से सिम लेकर उसे किसी और को बेच दिया गया। उस सिम का इस्तेमाल अवैध आर्थिक लेन-देन में किया जा रहा था।
युवक ने थाने में की शिकायत
रिसाली गांव ढोल चौक निवासी बीटेक छात्र आयुष ताम्रकार ने नेवई थाने में शिकायत में बताया कि, 5-6 महीने पहले उसे मोबाइल दुकान संचालक टी. भार्गव मैत्री नगर स्थित अपनी दुकान पर ले गया। वहां उसके नाम से सिम कार्ड जारी कराया गया और 200 रुपए भी लिए गए, लेकिन सिम उसे नहीं दिया गया।
साथियों को अधिक रकम में बेच देता था सिम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सिम को खुद रखकर अपने साथियों को अधिक रकम में बेच देता था। इस नेटवर्क के जरिए सिम कार्ड का उपयोग अवैध आर्थिक लेन-देन में किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि हर सिम पर 400-500 कमीशन लिया जाता था और इस तरह एक संगठित गिरोह काम कर रहा था।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह मामला एक संगठित साइबर और आर्थिक अपराध से जुड़ा हो सकता है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इन सिम काड्र्स के जरिए किन-किन अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया गया।
सिम के दुरुपयोग की आशंका
स्थानीय जानकारी के अनुसार इस गिरोह द्वारा 40 से 50 सिम कार्ड अलग-अलग लोगों के नाम से लेकर उनका गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में हर्षित साहू, दीपक प्रजापति, ज्ञानेश मंडावी, टी. भार्गव राव सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं फैजान कुरैशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
