Tuesday, May 19, 2026
Home » Blog » नेहरू नगर गांजा केस में बड़ा खुलासा

नेहरू नगर गांजा केस में बड़ा खुलासा

रायपुर पुलिस की कार्रवाई जारी, हाईटेक सेटअप से चल रहा था नशे का संगठित नेटवर्क

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर पुलिस द्वारा गांजा तस्करी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी

रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेहरू नगर में उजागर हाईटेक गांजा हाइडआउट प्रकरण में फरार आरोपी मनीष वर्मा उर्फ बिरजू (30) को 26 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया। वह कुख्यात सरगना मुकेश गुप्ता उर्फ मुकेश बनिया का करीबी सहयोगी और नेटवर्क का अहम कड़ी बताया जा रहा है।

हाईटेक तरीके से चल रहा था कारोबार

इससे पहले 23 फरवरी 2026 को पुलिस ने नेहरू नगर–नरैय्या तालाब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा बेचते हुए पकड़ा था। पूछताछ के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में एक किराए के मकान पर छापा मारा गया, जहां से 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई राउटर और मोशन सेंसर जैसे उपकरण बरामद हुए थे।

संगठित नेटवर्क का खुलासा

जांच में सामने आया कि आरोपी तकनीकी सुरक्षा के साथ संगठित तरीके से गांजा सप्लाई कर रहे थे। इस मामले में सरगना मुकेश बनिया को पहले ही 20 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

पूछताछ में मिल रही अहम जानकारी

पुलिस के अनुसार मनीष वर्मा हाइडआउट संचालित करने, मकान किराए पर लेने और नेटवर्क को समन्वित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। पूछताछ में उससे सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

अब तक इस मामले में अब्दुल जाफर, सुनील जगत, मुकेश गुप्ता उर्फ मुकेश बनिया, संजय उर्फ संजू गुप्ता और मनीष वर्मा उर्फ बिरजू को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

You may also like