CG Prime News@बिलासपुर. Ranger and Deputy Ranger Arrested in Chhattisgarh for Accepting 50,000 Bribe छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंजर और डिप्टी रेंजर को बिलासपुर एसीबी ने 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पल्लव नायक (रेंजर) और मनीष श्रीवास्तव (डिप्टी रेंजर) शामिल हैं। दोनों आरोपियों ने चालान पेश करने और जब्त वाहन को छोडऩे के बदले रिश्वत मांगी थी। एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि, लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी (ACB) बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी।

छत्तीसगढ़ में रेंजर और डिप्टी रेंजर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, चालान पेश करने मांगा था घूस
यह है पूरा मामला
दिसंबर 2025 में लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव अपने साथियों के साथ गाड़ी से अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में घूमने गया था। इस दौरान एयर गन से फायरिंग के साथ बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया था। वे करीब 18 दिन तक जेल में भी रहे।
70 हजार रिश्वत की डिमांड की
जेल से छूटने के बाद शिकायतकर्ता केस में जल्द चालान पेश करने के लिए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से मिला। आरोप है कि, उन्होंने चालान पेश करने में 4 से 5 लाख खर्च होने की बात कही और जब्त वाहन छोडऩे के लिए 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।
एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 26 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किश्त देने के लिए मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया। शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपए डिप्टी रेंजर को दिए, तभी एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी मौजूद थे।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई शुरू की है। आरोपी से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है।
