Home » Blog » सड़क सुरक्षा बैठक में सर्विस रोड व फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी

सड़क सुरक्षा बैठक में सर्विस रोड व फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी

खुर्सीपार-सिरसा गेट में फ्लाईओवर और स्मृति नगर क्षेत्र में सर्विस रोड निर्माण कार्य शुरू

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में सड़क सुरक्षा बैठक के बाद प्रस्तावित फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण

दुर्ग | जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कई प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रस्तुत तकनीकी विश्लेषण एवं सुझावों के आधार पर सर्विस रोड और फ्लाईओवर निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई, जिससे शहर की ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।

खुर्सीपार और सिरसा गेट में बनेगा फ्लाईओवर

बैठक में खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में लगातार लगने वाले यातायात जाम को देखते हुए फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है। फ्लाईओवर बनने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या में सुधार आएगा।

स्मृति नगर से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड

स्मृति नगर स्थित झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड के अभाव में हो रही अव्यवस्थित पार्किंग, ट्रैफिक दबाव और रॉन्ग साइड वाहन संचालन की समस्या को देखते हुए नई सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होने और यातायात सुचारू होने की उम्मीद है।

वैकल्पिक मार्गों से मिलेगा लाभ

प्रशासन के अनुसार दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने पर वैकल्पिक मार्ग विकसित होंगे, यातायात प्रवाह बेहतर होगा और नागरिकों को सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात संकेतों का पालन कर सड़क सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।

You may also like