राजनांदगांव. जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सुरगी की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की सतर्कता से ग्रामीण क्षेत्र में नशे की सप्लाई की बड़ी कोशिश नाकाम हुई।
मुखबिर सूचना पर की गई वाहन चेकिंग
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में चौकी सुरगी पुलिस को 20 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी में गांजा लेकर भर्रेगांव से सुरगी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक ढाल सिंह साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौकी के बाहर एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
स्कूटी की डिग्गी से मिला गांजा
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध एक्टिवा स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में स्कूटी की डिग्गी से पीले-हरे रंग की प्लास्टिक बोरी में रखा 1.86 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग 10,000 रुपये आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा 3G स्कूटी (क्रमांक CG07AZ 3065) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 30,000 रुपये बताई गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश वर्मा (30 वर्ष), निवासी कोहका (भिलाई) के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 78/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी ढाल सिंह साहू, सउनि. डोमार सिंह कंवर सहित पुलिस स्टाफ एवं महिला आरक्षक मीना साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
