Home » Blog » ‘मोर मितान – कांकेर पुलिस’ अभियान के तहत बीट आरक्षकों का प्रशिक्षण

‘मोर मितान – कांकेर पुलिस’ अभियान के तहत बीट आरक्षकों का प्रशिक्षण

सामुदायिक पुलिसिंग मजबूत करने 154 गांवों में लागू बीट सिस्टम, 140 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल

by cgprimenews.com
0 comments
कांकेर में मोर मितान अभियान के तहत बीट आरक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम

कांकेर| पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और सतत संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत रक्षित केंद्र कांकेर में बीट आरक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाते हुए कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संवेदनशील बनाना रहा।

154 ग्रामों में लागू हुई बीट पुलिसिंग प्रणाली

जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कांकेर जिले के 154 ग्रामों में बीट पुलिसिंग प्रणाली लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों को विभिन्न बीटों में विभाजित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 140 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण, नागरिकों से संवाद, संवेदनशील स्थानों की निगरानी तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीट बुक संधारण पर विशेष प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान बीट बुक संधारण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इसमें निगरानी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी, किरायेदार-मकान मालिक का विवरण, बाहरी मुसाफिर, कबाड़ी, शस्त्र लाइसेंस धारक, पेंशनभोगी, शासकीय सेवक, एनजीओ, प्रतिष्ठित नागरिकों, बाजार, मेला, त्योहार एवं धार्मिक स्थलों की जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

व्हाट्सएप ग्रुप से मजबूत होगी सामुदायिक पुलिसिंग

अधिकारियों ने बीट प्रभारियों को सरपंच, पटेल, कोटवार, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने पर जोर दिया गया।

सतर्क एवं जिम्मेदार पुलिसिंग का संकल्प

प्रशिक्षण के अंत में बीट आरक्षकों को अपने क्षेत्र में सतर्क, सक्रिय और जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस प्रतीक दादासाहब बंसोडे, एएसपी योगेश साहू, डीएसपी गिरिजा शंकर साव, डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, अविनाश ठाकुर, विंकेश्वरी पिंदे, कविता धुर्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You may also like