कांकेर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से “मोर मितान–कांकेर पुलिस” अभियान की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत 154 ग्रामों में सुदृढ़ बीट प्रणाली लागू की गई है।
इस पहल के तहत प्रत्येक ग्राम के लिए बीट प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जो नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेंगे और त्वरित सहायता उपलब्ध कराएंगे।
बीट बुक में होगा विस्तृत रिकॉर्ड
प्रत्येक बीट प्रभारी एवं आरक्षक को “बीट बुक” प्रदान की जाएगी। इसमें क्षेत्र के पुलिस सहयोगियों, निगरानीशुदा एवं संदिग्ध व्यक्तियों, मकान मालिक–किरायेदार, कबाड़ी, बाहरी आगंतुकों, सीसीटीवी कैमरों, शस्त्र लाइसेंसधारियों, पेंशनधारकों तथा शासकीय सेवकों की जानकारी दर्ज की जाएगी। साथ ही गांवों में आयोजित मड़ई, मेला, त्योहार एवं साप्ताहिक बाजार का विवरण भी संधारित किया जाएगा।
थाना स्तर पर सिपाही से लेकर एएसआई तक को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीट प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर पंचायत भवन में चस्पा किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति सीधे संपर्क कर सके।
सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरपंच, पटेल, कोटवार, जनप्रतिनिधि, नवयुवक, महिला समूह, समाजसेवी संस्थाओं और पुलिस सहयोगियों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देकर जनता और पुलिस के बीच दूरी कम करना है।
अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई लक्ष्य
अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, स्थानीय समस्याओं की पहचान तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
