Friday, March 20, 2026
Home » Blog » रायपुर में माडीफाइ सायलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान

रायपुर में माडीफाइ सायलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान

एम.जी. रोड और शहरभर के आटो पार्ट्स दुकानों में छापामारी, सायलेंसर जप्त

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर यातायात पुलिस द्वारा माडीफाइ सायलेंसर के खिलाफ चलाए गए अभियान में जप्त सायलेंसर

रायपुर। शहर में बुलेट वाहनों द्वारा तेज आवाज और फटाके जैसी शोर करने वाले अवैध माडीफाइ सायलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर ऐसे वाहन चालकों और दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, जो सायलेंसर का अवैध रूप से बिक्री और फिटिंग करते हैं।

एम.जी. रोड पर औचक छापामारी

अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त रमेश ऐरेवार और थाना प्रभारी यातायात शारदा चैंक निरीक्षक ढालू दास मानिकपुरी की टीम ने एम.जी. रोड के आठ आटो पार्ट्स दुकानों में औचक निरीक्षण किया। जांच में माडीफाइ सायलेंसर पाए जाने पर उन्हें जप्त कर थाना मौदहापारा को सुपुर्द किया गया। साथ ही दुकानदारों पर बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।

शहर के अन्य क्षेत्रों में अभियान

रायपुर शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर एवं यातायात थाना प्रभारी तेलीबांधा भुनेश्वर साहू की टीम, पंडरी और टाटीबंध क्षेत्रों में निरीक्षण करती रही। अवंती बाई चैंक, तेलीबांधा और टाटीबंध स्थित रॉयल इनफील्ड शोरूमों में जाकर दुकानदारों को माडीफाइ सायलेंसर ना बेचने और वाहन में फिट न करने की समझाइस दी गई।

बुलेट वाहनों पर चालानी कार्रवाई

शहर में माडीफाइ सायलेंसर लगे बुलेट वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। पिछले छह दिनों में 130 से अधिक बुलेट वाहनों को पकड़ा गया और मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए सायलेंसर जप्त किए गए। पुलिस ने चेताया है कि अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You may also like