नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान
दुर्ग | जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना मोहन नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री कर रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से लगभग 78 हजार रुपये मूल्य की नशीली टैबलेट एवं नकद राशि जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को थाना मोहन नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति नशीली गोलियों की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को नशीली टैबलेट बेचते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम नितेश यादव बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से प्रतिबंधित नशीली टैबलेट अल्प्राजोलम के कुल 13 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 195 टैबलेट पाई गईं।
78 हजार की टैबलेट और नकदी जब्त
बरामद की गई नशीली टैबलेट की अनुमानित कीमत लगभग 78,000 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से नशीली गोलियों की बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी द्वारा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री कर युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा था।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
थाना मोहन नगर में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 101/26 धारा 8, 22 एवं 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नशे के सौदागरों पर सख्ती जारी रहेगी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: नितेश यादव, उम्र: 20 वर्ष, निवासी: शांति नगर, दुर्ग
