Monday, May 25, 2026
Home » Blog » बेहद शर्मनाक, CG के सरकारी अस्पताल में फर्श पर गर्भवती की डिलीवरी, दर्द से कराह रही महिला का वीडियो बनाकर किसी ने कर दिया वायरल

बेहद शर्मनाक, CG के सरकारी अस्पताल में फर्श पर गर्भवती की डिलीवरी, दर्द से कराह रही महिला का वीडियो बनाकर किसी ने कर दिया वायरल

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

@Dakshi sahu Rao

CG Prime News@अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक उप-स्वास्थ्य सेंटर में एक गर्भवती महिला का प्रसव अस्पताल के फर्श पर मितानिन ने कराया। हद तो तब हो गई जब महिला शिशु को जन्म दे रही थी इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। यह पूरी घटना जिले के नवानगर उप स्वास्थ्य केंद्र का है। जहां डॉक्टर और नर्स की अनुपस्थिति के चलते गर्भवती की डिलीवरी फर्श पर कराई गई। अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर-नर्स सूचना देने के बाद भी अस्पताल नहीं पहुंचे। ऐसे में दर्द में कराहती महिला का मितानिन ने जमीन पर लिटाकर प्रसव कराया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

फोन लगाने के बाद भी नहीं पहुंचे डॉक्टर-नर्स
जानकारी के मुताबिक दरिमा के नवानगर ग्राम पंचायत की 25 वर्षीय गर्भवती को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो मितानिन उसे शनिवार सुबह 9 बजे नवानगर उपस्वास्थ्य केंद्र ले गई। उस समय अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर था और न नर्स। प्रसव पीड़ा बढऩे पर मितानिन ने प्रसूता को जमीन पर लिटा दिया। मितानिन ने नर्स और डॉक्टर को फोन लगाया, लेकिन कोई अस्पताल नहीं पहुंचा। जिस कारण जमीन पर ही असुरक्षित तरीके से प्रसव कराया गया। उसके बाद परिजनों ने गांव से दाई को बुलाकर साफ-सफाई कराया। इस दौरान अस्पताल में सिर्फ एक चतुर्थ वर्ग की कर्मचारी मौजूद थी।

मामले की होगी जांच
इस मामले में प्रभारी सीएमएचओ डॉ. जेके रेलवानी ने कहा कि, मामले में लापरवाही हुई है। सुबह जिस नर्स की ड्यूटी थी, अस्पताल आने के दौरान वो हादसे का शिकार हो गई। इस कारण वो सवा घंटे विलंब से अस्पताल पहुंची थी। ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि, वे मौके पर उपस्थित थे, लेकिन इसकी जांच की जाएगी। संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।

प्रसूता की निजता का हनन
नवानगर अस्पताल की अव्यवस्था उजागर करने के लिए अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो बनाया और इसे वायरल कर दिया। इस दौरान उसने प्रसूता की निजता का हनन करते हुए वीडियो वायरल कर दिया। प्रभारी सीएमएचओ ने कहा कि, इस पर भी संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों की सलाह लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may also like