CG Prime News@धमतरी. Dhamtari road Accident छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस संबलपुर के पास अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई। वहीं, मृतक के परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शव लेकर रायपुर से जगदलपुर लौट रही थी एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी राजेंद्र खत्री (72) को इलाज के लिए डिमरापाल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन राजेंद्र खत्री का शव एंबुलेंस से जगदलपुर वापस लेकर जा रहे थे। एंबुलेंस में उनके परिजनों के साथ नर्स शबनम खान भी मौजूद थीं।
पहले डिवाइडर से टकराई, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ी
बताया जा रहा है कि धमतरी के संबलपुर के पास अचानक एंबुलेंस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद एंबुलेंस पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में साइड में बैठी नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राजेंद्र खत्री के परिजन घायल
हादसे में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई को भी चोटें आई हैं। सूचना के बाद तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, मृत नर्स शबनम खान के शव को भी जिला अस्पताल लाया गया।
अर्जुनी पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस की जांच जारी है और एंबुलेंस चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।