दुर्ग: मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की Raid, दो मेडिकल फर्मों को कारण बताओ नोटिस

दुर्ग: मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की Raid, दो मेडिकल फर्मों को कारण बताओ नोटिस

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले में औषधियों की बिक्री और रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण अभियान चलाया। विभाग की टीम ने 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित कई मेडिकल फर्मों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश प्रतिष्ठान नियमानुसार संचालित पाए गए, जबकि कुछ दुकानों में नियमों के उल्लंघन से संबंधित कमियां सामने आई हैं।

अनवी मेडिकल स्टोर्स में फार्मासिस्ट नहीं मिला

विभाग के मुताबिक 1 अक्टूबर को भारती मेडिकल, स्मृति नगर, देवांशी मेडिकल, सिकोला, अनवी मेडिकल, शांति नगर, आयुष मेडिकल, अंजोरा और धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, अंजोरा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स अनवी मेडिकल स्टोर्स, शांति नगर में फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाया गया। इसके अलावा दुकान में दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड का नियमानुसार संधारण नहीं किया जा रहा था। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के तहत आगे कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है।

दो मेडिकल फर्मों को कारण बताओ नोटिस प्रस्तावित

सहायक औषधि नियंत्रक के अनुसार कुम्हारी स्थित मेसर्स श्री वेदिका मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण 29 सितंबर को किया गया था। यहां शेड्यूल एच-1 श्रेणी की दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड का निर्धारित तरीके से रखरखाव नहीं मिला। इसके चलते फर्म को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है। इसी तरह मेसर्स मां हरसिद्धि मेडिकोज, दुर्ग का निरीक्षण 23 सितंबर को हुआ था। यहां कुछ नार्कोटिक दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड में नियमों के अनुरूप संधारण नहीं पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र प्रस्तावित किया गया है।

फार्मेसी छात्रों को नशा उन्मूलन की जानकारी

इधर, 1 अक्टूबर को अंजोरा स्थित अपोलो कॉलेज ऑफ फार्मेसी में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सहायक औषधि नियंत्रक संजय सिंह झडेकार ने विद्यार्थियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) और शासन द्वारा संचालित नशा उन्मूलन कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता और जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी ली।

30 सितंबर को इन फर्मों का निरीक्षण

30 सितंबर को विभाग ने मेसर्स शिवबाबा मेडिकल स्टोर्स, शंकर नगर, मेसर्स सांई सर्जिकल, ओम परिसर और मेसर्स विजय मेडिकल एंड स्कीन केयर, स्टेशन रोड का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार ये प्रतिष्ठान नियमानुसार संचालित पाए गए।

Related posts

कोंडागांव में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, महिला से संबंध के विवाद में 7 गिरफ्तार

दुर्ग में हरेराम प्रसाद जिलाबदर, 7 जिलों में एक साल तक प्रवेश प्रतिबंधित

भारत की डबल धमाकेदार जीत: क्रिकेट के बाद हॉकी में भी फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से गोल्ड की जंग