CG Prime News@दिल्ली/नागोया.Asian Games 2026 एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट और हॉकी दोनों में फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। क्रिकेट के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से करारी शिकस्त दी, जबकि मेंस हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया। क्रिकेट में अब भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा।
श्रीलंका को 124 रन से हराकर क्रिकेट फाइनल में भारत
जापान के निशिन में खेले गए क्रिकेट सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के छह बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि तीन श्रीलंकाई बल्लेबाज रन आउट हुए।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी T20 जीत
124 रन की इस जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत की श्रीलंका पर सबसे बड़ी T20 जीत 93 रन की थी, जो साल 2017 में कटक में मिली थी। इस तरह भारतीय टीम ने करीब नौ साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
गोल्ड मेडल के लिए भारत-पाकिस्तान आमने-सामने
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मैच में बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबला 13-13 ओवर का किया गया था। बांग्लादेश ने सात विकेट पर 111 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।अब क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। एशियन गेम्स के क्रिकेट मुकाबलों में यह दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी।
भारत की डबल धमाकेदार जीत: क्रिकेट के बाद हॉकी में भी फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से गोल्ड की जंग
हॉकी में पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में भारत
भारतीय हॉकी टीम ने भी पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। भारत ने मैच के 23वें मिनट तक 3-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि पाकिस्तान ने जोरदार वापसी करते हुए अगले 26 मिनट में तीन गोल दागकर स्कोर 3-3 कर दिया।
मुकाबला लगभग बराबरी पर समाप्त होता नजर आ रहा था, लेकिन अंतिम हूटर से करीब 50 सेकंड पहले अभिषेक ने फील्ड गोल कर भारत को 4-3 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अब भारत 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल के लिए कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।
मेडल टैली में भारत आठवें स्थान पर
एशियन गेम्स के 12वें दिन भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर है। भारतीय दल के खाते में अब तक कुल 64 पदक हैं। इनमें 10 गोल्ड, 22 सिल्वर और 32 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। क्रिकेट और हॉकी में फाइनल में पहुंचने के बाद भारत की पदक संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।