कोंडागांव में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, महिला से संबंध के विवाद में 7 गिरफ्तार

कोंडागांव में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, महिला से संबंध के विवाद में 7 गिरफ्तार

CG Prime News@कोंडागांव. कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र में मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) की हत्या के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मंगल सिंह के एक महिला से कथित संबंध को लेकर महिला के परिवार वाले उससे नाराज थे। इसी विवाद में हत्या की योजना बनाई गई।

घटना 29 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। मंगल सिंह पंचायत कार्यालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। गांव लौटते समय आरोपी पगडंडी और नदी किनारे जंगल में छिपकर बैठे थे। जैसे ही सरपंच वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और लोहे की रॉड, डंडे, थप्पड़ व चप्पलों से मारपीट शुरू कर दी।

ढाई घंटे तक मारपीट, फिर कंबल से ढंका

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मंगल सिंह के हाथ बांध दिए थे। करीब ढाई घंटे तक उनके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपियों ने उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच वहां से फरार हो गए।

तालाब के पास मिला शव

30 सितंबर की सुबह मंगल सिंह के परिजनों को तालाब के पास उनके घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। परिजन उन्हें तत्काल फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल के पास पुलिस को सरपंच की बाइक करीब 50 मीटर दूर मिली। खेत के किनारे लोहे की रॉड और डंडे भी बरामद हुए। मौके पर खून के निशान और संघर्ष के संकेत मिले थे।

पुलिस ने ऐसे किया हत्या का खुलासा

सूचना मिलने के बाद बड़ेडोंगर पुलिस, एफएसएल टीम, साइबर टीम और रक्षित केंद्र की टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान संदेही मिट्ठू राम नेताम से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कथित हत्या की पूरी कड़ी जोड़ी और परिवार के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के घर से डंडे और लोहे की रॉड बरामद की है। मामले में बड़ेडोंगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत BNS की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related posts

दुर्ग: मेडिकल स्टोर्स पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की Raid, दो मेडिकल फर्मों को कारण बताओ नोटिस

दुर्ग में हरेराम प्रसाद जिलाबदर, 7 जिलों में एक साल तक प्रवेश प्रतिबंधित

भारत की डबल धमाकेदार जीत: क्रिकेट के बाद हॉकी में भी फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से गोल्ड की जंग