भिलाई। Senior railway official arrested while accepting ₹50,000 bribe; ₹77 lakh in cash recovered. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के भिलाई स्थित वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Sr. DME) और भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा (IRSME) के अधिकारी को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, अधिकारी पर लंबित बिलों को मंजूरी देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ेः Breaking: भिलाई 3 रेलवे PP यार्ड में CBI का छापा
दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप
CBI के अनुसार आरोपी सीनियर डीएमई अनमोल उइके के खिलाफ 13 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके लंबित बिलों को पास करने के एवज में अधिकारी ने दो लाख रुपये के अनुचित लाभ की मांग की। बातचीत के बाद अधिकारी कथित तौर पर एक लाख रुपये लेने के लिए तैयार हुआ।
दलाल के जरिए 50 हजार रुपए लेते पकड़ा
शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने 13 अगस्त को जाल बिछाया। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी अधिकारी अनमोल उइके ने कथित तौर पर एक दलाल के माध्यम से रिश्वत की रकम मंगवाई। इसी दौरान 50 हजार रुपये स्वीकार करते हुए उसे पकड़ लिया गया। CBI का कहना है कि दलाल ने अधिकारी के निर्देश पर शिकायतकर्ता से रकम ली थी।
रायपुर और भिलाई में तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी अधिकारी से जुड़े रायपुर और भिलाई स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों की तलाशी ली। जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी में करीब 77 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषण भी मिले हैं। CBI अब बरामद नकदी और आभूषणों के स्रोत के साथ-साथ संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
चार दिन की पुलिस हिरासत
CBI ने वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर और कथित दलाल को 14 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। दोनों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। CBI के मुताबिक, मामले में आगे पूछताछ और दस्तावेजों की जांच जारी है। CBI की कार्रवाई में सामने आए नकद और आभूषणों को लेकर जांच एजेंसी अब आय के स्रोत और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। मामले में आगे और तथ्य सामने आने की संभावना है।