पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी ने लगाई फांसी, TMC ऑफिस में मिला शव 

Oplus_16908288

CG Prime News@कोलकाता.Former TMC MLA Ashish Banerjee Suicide case पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित TMC कार्यालय में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर-5 के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनके घर के पास ही तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय स्थित है। परिवार के मुताबिक, कार्यालय के दरवाजे में थोड़ी जगह से रस्सी लटकी दिखाई देने के बाद उन्हें अनहोनी का शक हुआ। इसके बाद परिवार के सदस्यों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

कथित सुसाइड नोट में भ्रष्टाचार और टेंडर का जिक्र

घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। इसमें आशीष बनर्जी ने लिखा है कि वह पार्टी के सभी गलत कामों को स्वीकार नहीं कर पाते थे, लेकिन उनका विरोध भी नहीं कर सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने पूरी राजनीतिक जिंदगी में किसी काम के बदले पैसे नहीं लिए।

नोट में रेत के टेंडर और तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी (TRDA) से जुड़े मामलों का भी उल्लेख बताया जा रहा है। इसमें टेंडर, प्लान पास करने, NOC और चेक से संबंधित मामलों में अपनी भूमिका से इनकार किया गया है। नोट में उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया गया और राजनीति में आने पर अफसोस जताने की बात भी सामने आई है।

एक दिन पहले फहराया था तिरंगा

आशीष बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अपने घर के पास तिरंगा फहराया था। उन्होंने कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं। उनके भाई प्रशांत बनर्जी के अनुसार, शनिवार रात तक उनके व्यवहार में कोई असामान्य बात नजर नहीं आई थी।

पांच बार विधायक और डिप्टी स्पीकर रहे

आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में शामिल माने जाते थे। वे 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए। टीएमसी सरकार में उन्होंने स्कूल शिक्षा और कृषि समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली। पिछली सरकार में वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रहे।

2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी उम्मीदवार ध्रुबा साहा से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2 जून को उन्होंने टीएमसी के बीरभूम जिला अध्यक्ष और जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कोर कमेटी के निष्क्रिय होने की बात कही थी और खुद को पार्टी का सामान्य सदस्य बनाए रखने की घोषणा की थी।

Related posts

भिलाई में शिव महापुराण कथा से पहले कलश यात्रा में चेन स्नैचिंग

वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला समेत 2 कर्मचारी घायल

50 हजार रिश्वत लेते रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार, 77 लाख नकद बरामद