CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में 26 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आया है। शंकर नगर इलाके में एक किराए के मकान से महाराष्ट्र के कल्याण निवासी अंजलि घोड़ेस्वर का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि अंजलि यहां CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
27 सितंबर को मिली अंजलि की लाश
जानकारी के मुताबिक 27 सितंबर को अंजलि की मौत की सूचना सामने आई। करण सिंह के अनुसार अंजलि ने फांसी लगाई थी। उसका कहना है कि उसने युवती को फंदे से नीचे उतारकर अपनी गोद में रखा और इसके बाद उसके परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
दिल्ली में कोचिंग की तैयारी की बात कहकर निकली थी
परिजनों के मुताबिक अंजलि 8 सितंबर को पुलिस भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह परिवार को दिल्ली की कोचिंग क्लास से जुड़ी तस्वीरें भी भेजती रही। इन तस्वीरों में क्लासरूम और पढ़ाई से संबंधित गतिविधियां दिखाई देती थीं। इसलिए परिजन लंबे समय तक यही मानते रहे कि अंजलि दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही है। मौत के बाद परिवार को जानकारी मिली कि वह दिल्ली में नहीं, बल्कि दुर्ग में CISF जवान करण सिंह के साथ रह रही थी।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोनों की पहचान
अंजलि की बुआ करुणा घोड़ेस्वर के अनुसार अंजलि और करण करीब दो साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। परिवार को करण के बारे में केवल इतना पता था कि वह अंजलि का दोस्त है। करीब 15 दिन पहले दोनों ने दुर्ग के शंकर नगर की गली नंबर-10 में किराए का मकान लिया था।
पैसे भेजने की भी जानकारी
परिजनों के पास दोनों के बीच हुए कुछ ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट होने की बात कही गई है। रिश्तेदारों के मुताबिक अंजलि की ओर से करण के खाते में अलग-अलग समय पर 5 हजार, 2 हजार और 1500 रुपये समेत अन्य रकम भेजी गई थी। परिवार का दावा है कि सभी लेन-देन को मिलाने पर राशि करीब 25 से 30 हजार रुपये तक हो सकती है। इन पैसों के लेन-देन का वास्तविक कारण क्या था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
परिजनों ने मौत पर जताया संदेह
अंजलि के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सामने आई तस्वीरों और परिस्थितियों को देखकर उन्हें घटना सामान्य आत्महत्या जैसी नहीं लग रही है। परिवार ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। दूसरी ओर पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।