Thursday, February 12, 2026
Home » Blog » भिलाई में जीजा ने दी साले को मारने की सुपारी, पति-पत्नी के झगड़े के बीच रची साजिश, पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों ने खोली पोल

भिलाई में जीजा ने दी साले को मारने की सुपारी, पति-पत्नी के झगड़े के बीच रची साजिश, पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों ने खोली पोल

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

@Dakshi sahu Rao

CG Prime News@भिलाई. भिलाई में जीजा ने अपने ही साले की हत्या की सुपारी दे दी। बदमाशों के जानलेवा हमला के बाद भी साला बच गया। जिसके बाद पुलिस ने हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल सुपेला थाना क्षेत्र का मामला है। भिलाई स्थित आकाश गंगा प्रीमियम वाइन शॉप के मैनेजर पर 4 अगस्त को चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। जिसके आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मैनेजर के जीजा ने ही हत्या की सुपारी दी थी। सुपारी देने वाले जीजा की पुलिस तलाश कर रही है।

चाकू पेट में घोंप दिया
सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश कुमार आकाश गंगा सुपेला स्थित प्रीमियम शराब दुकान का मैनेजर है। वह कृष्णा नगर में रहता है। बीते 4 अगस्त की रात 10 बजे शराब दुकान बंद कर अंदर कैश मिलान किया। उसके बाद देर रात करीब 1 बजे अपनी बाइक से घर जाने के लिए निकला था। पुलिस ने बताया कि जैसे ही वह गणेश मार्केट के पास पहुंचा, 3 लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। गाड़ी रोकते ही उन लोगों ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। उमेश ने उनका विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। एक लड़के ने चाकू निकालकर उसके पेट में घुसा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।

जीजा ने दी थी साले की हत्या की सुपारी
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी शराब दुकान के मैनेजर उमेश से कोई दुश्मनी नहीं थी। राजनांदगांव के रहने वाले अश्वनी वर्मा उर्फ आशु ने हत्या करने के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी। पैसों की लालच में उन्होंने उमेश पर जानलेवा हमला किया, लेकिन उसकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि चाकू मारने के बाद आशु ने उन्हें 30 हजार रुपए दिए और 20 हजार रुपए अब तक नहीं दिए हैं।

विवाद के चलते दी सुपारी
टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश आशु का साला है। आशु और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा है। मामला तलाक तक पहुंच गया है। उमेश अपनी बहन की मदद कर रहा है। इससे आशु ने उसे जान से मरवाने की योजना बनाई और सुपारी दी। आशु अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

कई दिन तक की थी रेकी
आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने सुपारी लेने के बाद कई दिन तक उमेश की एक्टिविटी की रेकी थी। कितने बाजे दुकान आता है और कितने बजे जाता है, किस रास्ते से जाता इस सबके बारे में जानकारी जुटाई। उमेश अक्सर दुकान से शराब पीकर ही घर जाता था। घटना के दिन भी वो देर रात शराब के नशे में घर जा रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उसे आसानी से रोक लिया और झगड़ा करते हुए चाकू मार दिया फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, चाकू और 30 हजार रुपए जब्त किया है।

ये आरोपी गिरफ्तार
नागेंद्र सोनी पिता राजाराम सोनी (35 साल) निवासी भवानी मेडिकल के पीछे पंचशील नगर दुर्ग
राज मानिकपुरी उर्फ राजा पिता सागर दास मानिकपुरी (19 साल), निवासी गया नगर दुर्ग
शैलेष सिन्हा उर्फ सर्किट पिता पवन सिन्हा (30 साल), निवासी संतोषी मंदिर के पास गया नगर दुर्ग

You may also like