Thursday, February 12, 2026
Home » Blog » शाम सिंदूरी में शास्त्रीय संगीत और गजलों ने बांधा समां

शाम सिंदूरी में शास्त्रीय संगीत और गजलों ने बांधा समां

by cgprimenews.com
0 comments

महाराष्ट्र मंडल में आकाशवाणी रायपुर का आयोजन हुआ

रायपुर. आकाशवाणी रायपुर की ओर से 21 अगस्त की शाम महाराष्ट्र मंडल में स्वतंत्रता का उत्सव के अंतर्गत आयोजित संगीत सभा ‘शाम सिंदूरी’ ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने देर शाम तक शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत का रसास्वादन किया। शास्त्रीय संगीत के कलाकारों में कश्यप बंधुओं ने पक्के रागों से रसिकों का मन मोह लिया। वहीं डॉक्टर नमन दत्त ने उम्दा गजल गायकी से समा बांध दिया।

प्रसार भारती आकाशवाणी रायपुर के आयोजन शाम सिंदूरी में आमंत्रित कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के पहले चरण में शास्त्रीय संगीत में पंडित प्रभाकर कश्यप और पंडित दिवाकर कश्यप ने राग कामोद में ख्याल गायन प्रस्तुत किया। इनके द्वारा प्रस्तुत राग दुर्गा भी उपस्थित कला प्रेमियों ने बहुत पसंद किया। कश्यप बंधुओं के साथ तबले पर पंडित मुकुंद भाले, हारमोनियम पर सतीश इंदुरकर और तानपूरे पर कृष्ण प्रकाश ने संगत की। सुरमई शाम का दूसरा चरण गजल प्रस्तुतियों के नाम रहा। डॉक्टर नमन दत्त ने मशहूर शायरों की एक से बढ़कर एक गजले पेश की। शायर बशीर बद्र और राजेश रेड्डी की गजलों को खास तौर पर दाद मिली। उनके साथ तबले पर हरिओम हरि और वायलिन पर के रोहन नायडू ने संगत की।

You may also like