Thursday, February 12, 2026
Home » Blog » Breaking: दुर्ग जिले के अधिकारियों को CM की नसीहत, बोले इस मद की राशि का न हो दुरूपयोग, 3 महीने के कामकाज का लिया हिसाब

Breaking: दुर्ग जिले के अधिकारियों को CM की नसीहत, बोले इस मद की राशि का न हो दुरूपयोग, 3 महीने के कामकाज का लिया हिसाब

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@ दुर्ग. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को विडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभागवार अधिकारियों से संबंधित विभागों में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, खाद्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वर्तमान में चल रही योजनाओं से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि विगत 3 महीनों में प्रदेश की सरकार ने छत्तीसगढ़ के हर जिले को विकसित बनाने का पूरा प्रयास किया है और भविष्य में भी इसी प्रकार कार्य किया जाए। जिला प्रशासन की तरफ से इस ओर पूर्ण समर्थन दिया जाए। हम सभी लोक सेवक है, हमें लोक सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना है। विकसित भारत की तरह विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित जिला बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्त कार्यों के प्रति पूर्ण रूप से जिम्मेदारी से कार्य करने कहा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि जिले के डीएमएफ फंड का दुरूपयोग न हो। इससे ग्राम पंचायतों को लाभ मिले। ग्रामीणों व किसानों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े। सभी कार्यालयों में अधिकारीगण समय पर उपस्थित हो। हर घर में बिजली की तरह ही जल जीवन योजना के अंतर्गत जल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले की सड़क व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। बारिश के पहले जिले के समस्त सड़कों के गढ्ढे भरे जाए।

मुख्यमंत्री साय ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कानून व्यवस्था दुरूस्त की जाए। लोगों में कानून का डर बना रहे ताकि अवैध व अनैतिक कार्य न हो। नागरिकों को नए बनने वाले कानूनों की जानकारी होना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शांतिपूर्वक चुनाव कराना सुनिश्चित करे। विडियो कान्फ्रेंसिंग में आयुक्त सत्य नारायण राठौर, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, आईजी आरपी गर्ग, एसपी जीतेन्द्र शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री अरविन्द एक्का, डिप्टी कलेक्टर लवकेश धु्रव सहित जिले समस्त विभागों के प्रमुख अधिकारीगण शामिल थे।

You may also like