CG Prime News@नागपुर. Rape of Indian Air Force officer’s wife in nagpur महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की पत्नी से दुष्कर्म, जबरन धर्मांतरण (Forced conversion) और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामना आया है। पुलिस ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी अयाज ताज मदारे पीडि़त के साथ स्कूल में एक ही क्लास में पढ़ता था। महिला की शिकायत के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक आरोपी मौलाना फरार
पीडि़त के मुताबिक, घटना सालभर पुरानी है। आरोपी उस पर आयतें पढ़कर फूंकता था। इसके बाद उसका रेप करता था। महिला की शिकायत पर सोनेगांव पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले का रहने वाला एक आरोपी मौलाना फरार है।
वीडियो आया सामने
इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी अयाज महिला के हाथ पकड़कर कुछ पढ़ रहा है। महिला कहती है, ‘तुम्हें लडऩे की बहुत आदत है ना, हाथ छोड़ो ना… छोड़ो। इसके बाद वह लगातार ‘मुझे छोड़ दो कहकर रोती और विरोध करती है, लेकिन आरोपी जोर से उसके हाथ पकड़े रहता है।
कबूल है कहलवाया
महिला का दावा है कि 31 मई को अयाज उसे जबरन नागपुर के पास कलमेश्वर ले गया। वहां उसकी मुलाकात अमीन शेख और हजरत मौलाना से कराई गई। मौलाना मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव का रहने वाला है। शिकायत के मुताबिक, तीनों उसे एक सुनसान जगह पर ले गए। मौलाना ने वहां पीड़ित से जबरन ‘कबूल है’ कहलवाया। इसके बाद उसे धर्मांतरण पूरा होने की बात कही गई और बताया कि उसका अयाज मदारे से निकाह हो चुका है।
पति दूसरे शहर में पोस्टेड
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के पति भारतीय वायुसेना में हैं और फिलहाल दूसरे शहर में पोस्टेड है। महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। फरवरी 2025 में आरोपी अयाज ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था। FIR के मुताबिक, आरोपी ने महिला को वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ मिला जूस पिलाया गया। बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया गया और उसकी फोटो-वीडियो बना ली गईं।
बाद में इन्हीं आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया गया। आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण किया और उससे करीब 4 लाख रुपए भी वसूले। महिला ने आरोप लगाया कि उस पर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया गया और धार्मिक रस्मों के नाम पर कई गतिविधियां कराई गईं।