संसद में पुजारी बनकर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, दान पेटी में राहुल सहित विपक्षी सांसदों ने डाला चंदा

संसद में पुजारी बनकर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, दान पेटी में राहुल सहित विपक्षी सांसदों ने डाला चंदा

CG Prime News@दिल्ली. Parliament Monsoon Session 2026 संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्षी दलों ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद और केंद्र सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर संसद पहुंचे। उनके साथ मौजूद विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने एक बैनर भी प्रदर्शित किया, जिस पर लिखा था— “अमित शाह संसद से गायब क्यों?”

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विपक्ष का विरोध

विपक्षी दलों का आरोप है कि राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले में सरकार पारदर्शिता नहीं बरत रही है। इसी मुद्दे को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन आयोजित किया गया। पप्पू यादव का पुजारी के वेश में पहुंचना प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने दानपेटी में प्रतीकात्मक योगदान देकर सरकार से जवाबदेही की मांग की।

हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही प्रभावित

लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण इसे पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को सदन में पारित कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे ध्वनिमत से मंजूरी मिल गई। इसके बाद लगातार व्यवधान के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विशेषाधिकार हनन को लेकर सियासी टकराव

कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के उस बयान को लेकर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग नहीं हुई थी। वहीं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय भाषा और बेबुनियाद आरोपों का इस्तेमाल किया।

संसद में पुजारी बनकर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, दान पेटी में राहुल सहित विपक्षी सांसदों ने डाला चंदा

राहुल गांधी का सोशल मीडिया पर हमला

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि Gen Z को डराने और चुप कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं पर कार्रवाई, एफआईआर (FIR) और सोशल मीडिया अकाउंट बंद कराने जैसे कदम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।

रिजिजू बोले- सदन में बिल पर चर्चा करें, हंगामा नहीं

किरेन रिजिजू ने कहा कि हम चाहते हैं कि भविष्य में ऐसा न हो। आप चर्चा में शामिल नहीं होते और बाहर जाकर कहते हैं कि सरकार चर्चा नहीं कराती। अगला बिल लेकर आएंगे और आप हंगामा करेंगे तो अच्छा नहीं होगा। चर्चा करें, हंगामा ना करें।

Related posts

सरकारी स्कूल में हेड मास्टर ने बच्चों के सामने उतारी पैंट, क्लास रूम में किया पेशाब

बॉयफ्रेंड से शादी की जिद्द, रेडियो टावर पर चढ़ी युवती, थाने परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा

दुर्ग पुलिस ने बिहार से संचालित ऑनलाइन सट्टा गिरोह को पकड़ा, 4-5 करोड़ का मंथली कारोबार