CG Prime News@सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बॉयफ्रेंड से शादी कराने की जिद्द में एक बीस वर्षीय युवती थाने परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती के रेडियो टावर में चढऩे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही। लगभग चार से पांच घंटे तक युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आखिरकार किसी तरह समझाइश देकर युवती को टावर से नीचे उतारा गया। पूरा मामला शुक्रवार को चांदनी थाना क्षेत्र कर है।
प्रेमी छोड़कर चला गया
रेडिया टावर पर चढऩे वाली युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी उसे छोड़कर कई महीने पहले चला गया था। तब से उसका कोई पता नहीं है और मोबाइल भी बंद आ रहा है। इसी बात से नाराज युवती पुलिस से उसे थाने बुलाकर शादी कराने की मांग करने लगी। दोनों पिछले 3-4 साल से रिलेशन में थे।
बॉयफ्रेंड से शादी की जिद्द, रेडियो टावर पर चढ़ी युवती, थाने परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाकर सुरक्षित नीचे उतारा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए रेडियो टावर पर चढ़कर युवती तक पहुंच बनाई। काफी देर तक समझाइश देने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती को नीचे लाने के बाद पुलिस ने उसे शांत कराया और उसके परिजनों से भी चर्चा की।
पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय तक थाना परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
बयान दर्ज कराने आई थी थाने
पुलिस के अनुसार, युवती ने पहले अपने प्रेमी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के सिलसिले में उसे बयान दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को थाने बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि बयान की प्रक्रिया के दौरान युवती अचानक थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। घटना से पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।