CG Prime News@जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां शिक्षा के मंदिर यानी सरकारी स्कूल में एक हेडमास्टर ने बच्चों के सामने ही अपनी पैंट उतार दी। हेडमास्टर यही नहीं रूका उसने क्लासरूम में ही पेशाब भी कर दिया। उसके बाद उसी हालत में छात्राओं से अश्लील हरकत करने लगे। इस घटना से डरे हुए बच्चों ने घर जाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
अर्धनग्न हालत में कुर्सी पर बैठा मिला हेडमास्टर
बच्चों की जानकारी मिलने के बाद गुस्साए परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे। जहां उन्होंने हेडमास्टर को अर्धनग्न अवस्था में अपनी कुर्सी पर बैठे हुए देखा। गुस्साए परिजनों ने हेडमास्टर की इस हरकत का वीडियो बना लिया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत डायल-112 और पामगढ़ पुलिस को घटना की सूचना दी।
शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हेडमास्टर को थाने ले गई। छात्राओं और उनके अभिभावकों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद स्कूल के बच्चे और उनके परिजन डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
यह है पूरा मामला
दरअसल, आरोपी भुवनेश्वर कौशिक डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला में हेडमास्टर के पद पर पोस्टेड है। शुक्रवार को जब चौथी-पांचवीं के बच्चे कक्षा में थे, तभी उससे सटे दूसरे क्लास में हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक पैंट उतारकर बैठा था। इसी दौरान जब बच्चे हेडमास्टर से कुछ पूछने गए तो वहां उन्होंने देखा कि हेडमास्टर पैंट उतारकर अर्धनग्न हालत में बैठा हुआ था। जब हेडमास्टर ने बच्चों को देखा तो उसने उनके सामने ही पेशाब किया और चौथी-पांचवीं कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुलाकर अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
कलेक्टर ने कार्रवाई के लिए डीईओ को किया निर्देशित
पामगढ़ ब्लॉक के डोंगाकोहरौद स्थित शासकीय प्राथमिक के इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग भी मामले की अलग से जांच कर रहा है।