Home » Blog » माशिमं ने 59 शिक्षकों को किया ब्लैकलिस्टेड, 12 वीं के बाद 10 वीं बोर्ड की कॉपियां जांचने में बड़ी लापरवाही, छात्रों के बढ़े 50 से ज्यादा नंबर

माशिमं ने 59 शिक्षकों को किया ब्लैकलिस्टेड, 12 वीं के बाद 10 वीं बोर्ड की कॉपियां जांचने में बड़ी लापरवाही, छात्रों के बढ़े 50 से ज्यादा नंबर

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 59 शिक्षकों को ब्लैकलिस्टेड कर दिया है। आंसर शीट चेक करने में लापरवाही बरतने की वजह से इन शिक्षकों को ब्लैक लिस्टेड किया गया है। इसका असर इन शिक्षकों की सालाना वेतन वृद्धि पर भी पड़ेगा। 12वीं बोर्ड के रिजल्ट मूल्यांकन के बाद अब 10वीं बोर्ड में भी लापरवाही पर ब्लैकलिस्टेड किया गया है। हिन्दी के 5 शिक्षकों ने जो कॉपियां चेक किए हैं, उन उत्तर पुस्तिकाओं में तो 50 से ज्यादा नंबरों की बढ़ोतरी हुई है। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को 3 से 5 साल के लिए माशिमं के समस्त पारिश्रमिक कार्यों के लिए ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है।

5 साल के लिए किया बैन
पुनर्मूल्यांकन कराने के बाद 20 से 40 अंक की बढ़ोतरी होने पर 48 शिक्षकों को 3 साल के लिए माशिमं के सभी तरह के पारिश्रमिक कामों से उन्हें वंचित करने के साथ साथ एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने की अनुशंसा की गई है। मूल्यांकन में लापरवाही बरतने पर 11 शिक्षकों को 5 साल के लिए मंडल के समस्त पारिश्रमिक कार्यों से ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है।

12 वीं के शिक्षकों को किया था ब्लैक लिस्ट
लगभग तीन दिन पहले ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आंसर शीट चेक करने में लापरवाही बरतने वाले 68 शिक्षकों को ब्लैक लिस्टेड किया था। इसका असर इन शिक्षकों की सालाना वेतन वृद्धि पर भी पड़ेगा। 68 शिक्षकों में से 61 शिक्षकों को 3 साल और 7 शिक्षकों को 5 साल के लिए मंडल के काम से बाहर किया गया है।

50 से ज्यादा नंबरों की बढ़ोतरी
पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए जिन छात्रों ने आवेदन किया था, जब पुनर्मूल्यांकन कराया गया तो हिन्दी विषय के 5 शिक्षकों की कॉपियों में 50 से ज्यादा अंकों की बढ़ोतरी हुई। वहीं 6 शिक्षकों द्वारा जांची गई उत्तरपुस्तिकाओं में 49 अंक तक की वृद्धि हुई है।

284 बच्चों का रिजल्ट बदला
प्रदेशभर में 10 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। पुनर्गणना में छात्रों के आंसर में बहुत फर्क मिला है। छात्रों के अंकों में 20 से लेकर 50 अंक तक की बढ़ोतरी हुई। दोबारा मूल्यांकन में 4 हजार 284 बच्चों के रिजल्ट बदल गए हैं।

You may also like