Friday, September 18, 2026
Home » Blog » घर का बच्चा न बिगड़े इसलिए माताओं-बहनों को ध्यान देना होगा, कांग्रेस सरकार बदलना होगा – पाण्डेय

घर का बच्चा न बिगड़े इसलिए माताओं-बहनों को ध्यान देना होगा, कांग्रेस सरकार बदलना होगा – पाण्डेय

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

तीज मिलन समारोह में हजारों छावनीवासी झूमे पद्मश्री अनुज शर्मा के गानों पर

CG Prime News@भिलाई. छावनी मंगल बाजार में बुधवार को तीज मिलन और तीजा तिहार समारोह हुआ। इस अवसर पर पद्मश्री अनुज शर्मा के गानों पर महिलाएं अपने को रोक नहीं पाई और जमकर थिरकीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भजन के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस कार्यक्रम के जरिए महिलाओं ने एकजुटता का संदेश दिया। तीजा तिहार कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय थे। विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी कलाकार व भाजपा नेता पद्मश्री अनुज शर्मा उपस्थित रहे। इस मौके पर छावनी क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवेश किया। समारोह में पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने सभी महिलाओं को तीजा तिहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छावनी एक पूरे नगर के समान है, जहां हर त्योहार बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। यहां हर घर में सनातन और भारतीय संस्कृति का प्रतिरूप देखने को मिलता है। तीजा तिहार के साथ ही अब त्योहारों का सीजन शुरू हो गया। आने वाले समय में लोकतंत्र का भी त्योहार आने वाला है। इस बड़े त्योहार में भी सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है। भिलाई की खोई हुई पहचान और भिलाई की संस्कृति को वापस दिलाने का कार्य करना है।


पहले आईआईटी की बात होती आज महादेव आईडी की बात होती है

पाण्डेय ने कहा कि आज भिलाई अपनी पहचान खो चुका है, जिस भिलाई में आईआईटी की बात होती थी। आज यहां ऑनलाइन सट्टा ऐप महादेव आईडी की बात हो रही है। भिलाई सहित पूरे प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। डकैती और लूट मची हुई है। घर के बच्चे सट्टा, अपराध और नशे के आगोश में समा रहे हैं। जब बच्चा बिगड़ता है, तो सबसे ज्यादा चिंता और दर्द घर की माताओं-बहनों को होती है। इसलिए सभी माताओं-बहनों को विशेष ध्यान देना होगा।आने वाले लोकतंत्र के त्योहार में सही का चुनाव करके एक बार फिर भिलाई को उसकी पहचान दिलानी होगी।

भारत की जनता की पार्टी भाजपा है

छत्तीसगढ़ी कलाकार पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि केवल भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो राष्ट्र और राष्ट्र की जनता के हित के बारे में सोचती है। भाजपा, भारत की जनता की पार्टी है। इसलिए जनता के हित और विकास को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल घोटाला करना जानती है। आज प्रदेश में हर ओर केवल घोटाले ही नजर आ रहे हैं। सरकार की अनदेखी से जनता बेहाल हो चुकी है। इस बार कांग्रेस सरकार को बदलना होगा। शर्मा ने छत्तीसगढ़ी भजन के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कांग्रेस की सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने और प्रदेश सहित भिलाई में कमल खिलाने का प्रण लिया।

40 सनातनी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवेश किया

कार्यक्रम के दौरान छावनी वार्ड 40 सतनामी पारा व वार्ड 41 श्रमिक नगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली। इनमें मुकेश यादव, सुमीत, दुर्गेश, समीर, वेदप्रकाश, राजा, रितिक, मनोज, तारकेश्वर, रीशु गायकवाड़, भारत उके, हर्ष कुर्रे, वेदप्रकाश, रूपेश बंजारे, भोजराज, ओमप्रकाश, लोवन यादव, राकेश साव, सोनू, मोहित, राहुल, दीपक, झगू यादव, जीतू यादव सहित अन्य युवाओं ने भाजपा प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम के आयोजक शहीद चुम्मन यादव की माताजी राधा यादव, पार्षद गिरीजा बंछोर, वीणा चंद्राकर, सरिता बघेल, ईश्वरी नेताम, निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, पार्षद पीयूष मिश्रा, निखिल ताठे, उपेन्द्र, हर्ष सिंह, गीतांजलि कौशिक, गजेंद्र यादव, जीत हेमचंद यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।

You may also like